होलिका दहन एवं होली पर्व को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित, विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक निर्देश जारी
सारण (बिहार): समाहरणालय कक्ष, सारण में आगामी होलिका दहन एवं होली पर्व के मद्देनज़र विधि-व्यवस्था की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी, सारण एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
बैठक में होली पर्व के दौरान जिले में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी, असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई, तथा पुलिस गश्ती को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट पर सतर्क निगरानी रखने तथा दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में संवेदनशील स्थलों की पहचान कर पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने तथा होलिका दहन स्थलों पर विशेष सतर्कता बनाए रखने के लिए निर्देशित किया गया।
सारण पुलिस आमजन से अपील करती है कि होली का पर्व आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय थाना, डायल 112 अथवा जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष हेल्पलाइन नंबर 9031036406 पर संपर्क करें।

