होली पर घर लौटते ही मिलेगी ‘सुरक्षा की खुराक’, प्रवासियों के लिए विशेष फाइलेरिया रोधी अभियान
सारण (बिहार): होली के अवसर पर घर लौटने वाले प्रवासियों को फाइलेरिया से बचाव की दवा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष रणनीति तैयार की है। जिले में पूर्व में 10 से 27 फरवरी तक सर्वजन दवा सेवन अभियान चलाया गया था, जिसमें आशा कार्यकर्ताओं ने 14 दिनों तक घर-घर जाकर तथा 3 दिनों तक बूथ लगाकर लक्षित लाभार्थियों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाई थी।
अब छूटे हुए लोगों को कवर करने के लिए एक सप्ताह तक मॉप-अप राउंड संचालित किया जाएगा। साथ ही होली में अन्य राज्यों से लौटने वाले प्रवासियों को भी विशेष रूप से चिन्हित कर दवा सेवन कराया जाएगा। इस संबंध में अपर निदेशक सह राज्य फाइलेरिया कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. श्यामा राय ने सिविल सर्जन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
15 मार्च तक चलेगा मॉप-अप राउंड
भारत सरकार के नेशनल सेंटर फॉर वेक्टर बॉर्न डिजीज कंट्रोल (NCVBDC) की गाइडलाइन के अनुसार 14 दिवसीय घर-घर गतिविधि एवं 3 दिवसीय बूथ गतिविधि के बाद एक सप्ताह का मॉप-अप अभियान चलाना अनिवार्य है। होली के शासकीय अवकाश को ध्यान में रखते हुए मॉप-अप गतिविधि की अंतिम तिथि 15 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। इस अवधि में अब तक वंचित रहे व्यक्तियों और क्षेत्रों को चिन्हित कर दवा सेवन सुनिश्चित किया जाएगा।
प्रवासी मजदूरों पर विशेष फोकस
सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने बताया कि बिहार से बड़ी संख्या में लोग रोजगार के लिए अन्य राज्यों में जाते हैं और त्योहारों के दौरान घर लौटते हैं। ऐसे में प्रवासी आबादी तक दवा पहुंचाना अभियान की बड़ी चुनौती है। यदि इस वर्ग को दवा नहीं दी गई तो संक्रमण की कड़ी टूटने में विलंब हो सकता है।
इसी उद्देश्य से रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, टेम्पो स्टैंड, प्रमुख चौक-चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले स्थलों पर विशेष बूथ लगाए जाएंगे, जहां लौट रहे लोगों को मौके पर ही फाइलेरिया रोधी दवा खिलाई जाएगी।
शत-प्रतिशत दवा सेवन पर जोर
जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. भूपेंद्र कुमार ने कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन के लिए शत-प्रतिशत दवा सेवन सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। राज्य स्तर से लेकर पंचायत स्तर तक विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि जिले को समयबद्ध तरीके से फाइलेरिया मुक्त बनाया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे दवा सेवन में सहयोग करें और अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

