घरेलू विवाद में पुत्र ने ही कर दी मां की हत्या, आरोपी पुत्र गिरफ्तार
सारण (बिहार): सारण जिले के डोरीगंज थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 01 मार्च 2026 को रामदेव राय के फर्दब्यान पर पुलिस को सूचना मिली कि घर खाली करने को लेकर हुए विवाद में उनके पुत्र ने उनकी पत्नी पर लोहे के खंती से हमला कर दिया। बताया गया कि विवाद के दौरान गाली-गलौज करते हुए आरोपी ने महिला के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
सूचना मिलते ही डोरीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी उमेश राय उर्फ खटू राय को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में डोरीगंज थाना कांड संख्या-113/26, दिनांक 01.03.2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का खंती भी बरामद कर लिया है।

