भोजपुरी साहित्य विकास मंच ने प्रेम और उमंग के साथ मनाया होली मिलन उत्सव
कोलकाता / रिसड़ा: हुगली जिले के राजेंद्र नगर इंक्लेव, रिसड़ा में रविवार, 1 मार्च को भोजपुरी साहित्य विकास मंच द्वारा “फगुआ के रंग भोजपुरियन के संग” शीर्षक से होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रेम, सौहार्द और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ।
समारोह की अध्यक्षता कवि शिवशंकर सिंह ‘सुमित’ ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार एस. आनंद उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कवियों एवं कवयित्रियों ने भोजपुरी और हिंदी में होली से संबंधित कविता, गीत और ग़ज़ल प्रस्तुत कर वातावरण को पूरी तरह होलीमय बना दिया।
विजय शर्मा ‘विद्रोही’, नीतीश सिंह, रमाशंकर सिंह, शिवप्रकाश दास, नीलम प्रसाद, रिंकी पांडेय तथा डॉ. रेखा कुमारी त्रिपाठी सहित अन्य रचनाकारों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। छात्रों और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। राव्या श्रीवास्तव, रोहित पाठक, अन्विता पाठक, नंदिनी दास, ज्योति दास और मुस्कान तिवारी की प्रस्तुतियों को विशेष सराहना मिली।
कार्यक्रम का संचालन रासबिहारी गिरि ने कुशलतापूर्वक किया। आयोजन की सफलता में प्रकाश कुमार त्रिपाठी, विनोद यादव और आदर्श का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में अशोक पांडेय ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
होली मिलन समारोह ने भोजपुरी साहित्य और सांस्कृतिक एकता के रंगों को एक साथ समेटते हुए आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया।

