सारण में हुई मौतों के बाद पुलिस सक्रिय, अवैध शराब मामले में SIT गठित
सारण (बिहार): मशरक और पानापुर थाना क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों की मृत्यु की सूचना को गंभीरता से लेते हुए सारण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। वरीय पुलिस अधीक्षक सारण के निर्देशन में पूरे मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है तथा विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि सभी मामलों की गहन जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मशरक थाना क्षेत्र के तख्त टोला निवासी संतोष महतो की तबीयत कई दिनों से खराब थी। परिजनों द्वारा उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मशरक ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर किया गया। छपरा ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार संतोष महतो पहले से ही बीमार थे और कई दिनों से भोजन भी नहीं कर रहे थे।
इसी क्रम में पानापुर थाना क्षेत्र में भी एक व्यक्ति की मृत्यु की सूचना मिली है। परिजनों ने बताया कि वह भी लंबे समय से बीमार थे और उनके निधन के बाद रात्रि में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं पानापुर प्रखंड के दुबैली निवासी धर्मेंद्र राय की पटना में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। उनके शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल छपरा में कराया गया है तथा मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए विसरा सुरक्षित रखते हुए फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।
घटना से जुड़े एक अन्य मामले में मशरक थाना द्वारा अवैध शराब के साथ पकड़े गए दो व्यक्तियों में से एक ने न्यायालय में पेशी से पहले अस्वस्थता की शिकायत की थी। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा मशरक थाना क्षेत्र में एक अन्य व्यक्ति की मृत्यु की भी सूचना मिली है, जिसके संबंध में परिजनों से संपर्क कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मशरक से रेफर किए गए सात लोगों का इलाज फिलहाल सदर अस्पताल छपरा में चल रहा है।
इन घटनाओं के संबंध में पानापुर थाना कांड संख्या 79/26 दिनांक 12 मार्च 2026 दर्ज किया गया है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद (संशोधन) अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई करते हुए धेनुकी निवासी पप्पू नट और दुबौली निवासी रूपेश नट को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से 15 लीटर देशी शराब बरामद की गई है। इसके अलावा स्थानीय मुकेश महतो के घर पर छापेमारी कर 26 लीटर देशी शराब जब्त की गई है, जिसकी रासायनिक जांच कराई जा रही है।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है, जो पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहा है। मद्य निषेध कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सारण पुलिस लगातार अभियान चला रही है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 1 जनवरी 2026 से 9 मार्च 2026 तक जिले में कुल 27,005 छापेमारी की गई, जिसमें 1,430 मामले दर्ज किए गए और 2,291 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान कुल 1,30,103 लीटर शराब जब्त की गई, जिसमें 91,606 लीटर देशी और 38,497 लीटर विदेशी शराब शामिल है। साथ ही 179 वाहनों को भी जब्त किया गया है।
11 और 12 मार्च को पानापुर प्रखंड के धेनुकी, धेनुकी नट टोला, दुबौली तथा मशरक प्रखंड के डुमरसन, चौनपुर, मशरक पूरब टोला, चरिहारा, बंगरा और किशनपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में 160 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान छह नए मामले दर्ज किए गए और 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया। छापेमारी के दौरान 1,650 लीटर देशी शराब मौके पर ही नष्ट कर दी गई, जबकि 28 लीटर चुलाई शराब और 28.4 लीटर विदेशी शराब भी जब्त कर विनष्ट की गई।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Saran Police action, Mashrak Panapur death case, Illegal liquor raid Saran, Bihar prohibition action, Chapra police raid

