सारण: साइबर धोखाधड़ी का हुआ खुलासा, वांछित आरोपी गिरफ्तार
छपरा (बिहार) 13 मार्च 2026
सारण पुलिस ने सक्रिय पुलिसिंग के तहत साइबर धोखाधड़ी के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आर्थिक एवं साइबर अपराध प्रभाग, पटना से प्राप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना सारण की टीम ने जांच करते हुए एक ऐसे बैंक खाते का खुलासा किया, जिसका इस्तेमाल विभिन्न राज्यों में साइबर धोखाधड़ी से प्राप्त राशि के लेन-देन के लिए किया जा रहा था। जांच में सामने आया कि अभियुक्त ने लालच में आकर बैंक खाता खोलकर उससे संबंधित चेकबुक, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड किसी अन्य व्यक्ति को दे दिया था, जिसके माध्यम से साइबर अपराध से अर्जित धनराशि का लेन-देन किया जा रहा था।
इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 35/26, दिनांक 26 फरवरी 2026 दर्ज किया गया था। पुलिस ने पूर्व में खाते के धारक राकेश कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस ने मामले में वांछित आरोपी विनीत कुमार उर्फ राजीव रंजन (पिता–सुभाष चन्द्र सिंह), निवासी जगदीशपुर, थाना महाराजगंज, जिला सिवान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार इस कांड में अब तक दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

