सारण: गैस किल्लत की अफवाह पर एजेंसी संचालकों की सफाई, बोले– बुकिंग पर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है सिलेंडर
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: ईरान-इजरायल युद्ध की आशंका के बीच क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत को लेकर फैल रही चर्चाओं के बीच अब गैस एजेंसी संचालकों ने स्थिति स्पष्ट की है। माँझी प्रखंड के ताजपुर पंचायत स्थित यशोदा गैस एजेंसी के प्रबंधक राजकुमार सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि क्षेत्र में गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता नियमित प्रक्रिया के तहत अपनी बुकिंग करा कर आसानी से गैस सिलेंडर का उठाव कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए कहा कि एजेंसी पर पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है।
इसी क्रम में माँझी नगर पंचायत स्थित भारत गैस एजेंसी के संचालक मुन्ना सिंह ने भी स्पष्ट किया कि उनके यहां हर समय गैस उपलब्ध है। उन्होंने उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि वे पहले अपनी गैस की बुकिंग कराएं और फिर एजेंसी से सिलेंडर प्राप्त करें। उन्होंने यह भी कहा कि बिना बुकिंग के सिलेंडर उपलब्ध कराना संभव नहीं है, इसलिए उपभोक्ताओं को निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना चाहिए।
वहीं भारत गैस रिविलगंज के प्रबंधक रंजीत सिंह ने बताया कि कुछ दलालों द्वारा गांव-गांव में यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि गैस उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिलेगा, जबकि वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने कहा कि उनके यहां पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है और उपभोक्ता बुकिंग कराकर आसानी से सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने और अधिकृत एजेंसियों से ही जानकारी लेने की अपील की।
इधर प्रशासन ने भी स्थिति पर नजर बनाए रखी है। अधिकारियों के निर्देश पर गैस एजेंसियों पर प्रशासनिक तैनाती की गई है, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या उपद्रव फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। मौके पर सैकड़ों लोग मौजूद रहे और एजेंसी संचालकों की ओर से लोगों को स्थिति की जानकारी दी गई।
माँझी गैस खबर, Manjhi gas shortage update, Saran LPG news, Bharat Gas Manjhi, Yashoda Gas Agency Tajpur, Revilganj Bharat Gas news
#Manjhi #Saran #BiharNews #LPGUpdate #GasSupply #LocalNews

