विद्यालय में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी, परीक्षा परिणाम के साथ पुरस्कार वितरण और विदाई समारोह का भावुक आयोजन
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी प्रखंड के कन्या प्राथमिक विद्यालय गोबरही में बिहार सरकार के निर्देशानुसार अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी सह परीक्षा पत्रक वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गान से हुई, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण बन गया। इस अवसर पर अभिभावकों ने विद्यालय की कार्यप्रणाली की सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान शिक्षक बी के भारतीय ने की, जबकि संचालन शिक्षिका कुमारी सैयद आशना एजाज ने किया। इस दौरान परीक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
संगोष्ठी “प्रवेश से प्रगति तक, विद्यालय और अभिभावक साथ-साथ” थीम पर आधारित रही, जिसमें बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, शत-प्रतिशत नामांकन और परीक्षा की तैयारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रधान शिक्षक ने अभिभावकों से बच्चों के समग्र विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की और मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बच्चों को दूर रखने पर जोर दिया। साथ ही बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए पोषण वाटिका के महत्व पर भी संवाद किया गया।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों और अभिभावकों के लिए विशेष भोज का आयोजन किया गया, जिसमें खीर, पूरी, सब्जी और सलाद परोसे गए। इसके पश्चात कक्षा पांच के विद्यार्थियों के लिए भावभीना विदाई समारोह आयोजित हुआ, जिसमें सभी छात्रों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान शिक्षिका सीमा कुमारी और आशना एजाज द्वारा विदाई गीत प्रस्तुत किए जाने पर वातावरण भावुक हो गया। प्रधान शिक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि छात्र भले ही विद्यालय से विदा ले रहे हों, लेकिन वे हमेशा शिक्षकों और विद्यालय के दिल में बसे रहेंगे, और उन्हें आगे की पढ़ाई में मन लगाकर समाज व देश का नाम रोशन करना चाहिए।
Manjhi Goborahi School PTM, Saran school news, Bihar education news, prize distribution school, farewell ceremony Bihar

