सारण पुलिस की बड़ी कार्रवाई: साइबर ठगी में शामिल अभियुक्त गिरफ्तार, करोड़ों के लेनदेन का खुलासा
सारण (बिहार): सारण पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जो अपने बैंक खाते के माध्यम से देशभर में हो रही साइबर ठगी की राशि के लेनदेन में संलिप्त था। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, साइबर इंटेलीजेंस शाखा, बिहार पुलिस मुख्यालय से प्राप्त सूचना के आधार पर IDBI बैंक के एक संदिग्ध खाते का सत्यापन किया गया, जिसमें बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी की रकम के लेनदेन की पुष्टि हुई।
जांच के क्रम में खाता धारक अनुपम कुमार (34 वर्ष), निवासी लखनपुर, थाना मशरख, जिला सारण की पहचान हुई। पुलिस के अनुसार, वह अपने बैंक खाते का उपयोग विभिन्न राज्यों में हुए साइबर ठगी के मामलों में अवैध राशि प्राप्त करने और उसे आगे ट्रांसफर करने में कर रहा था। साइबर पोर्टल पर इस खाते से जुड़े कई शिकायतें भी दर्ज पाई गई हैं।
आगे की जांच में यह सामने आया कि 15 फरवरी 2026 से 11 जून 2026 के बीच उक्त खाते के माध्यम से कुल 1 करोड़ 28 लाख 64 हजार 118 रुपये का लेनदेन किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम, चेक, पासबुक समेत कई महत्वपूर्ण बैंकिंग दस्तावेज जब्त किए हैं।
इस मामले में सारण साइबर थाना कांड संख्या 42/26, दिनांक 18 मार्च 2026 दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
सारण पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के लालच या दबाव में आकर अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या सिम कार्ड किसी अन्य व्यक्ति को उपयोग के लिए न दें, क्योंकि ऐसा करना आपको भी साइबर अपराध में संलिप्त बना सकता है। किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि या ठगी की जानकारी तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें या नजदीकी पुलिस थाना से संपर्क करें।
Saran Cyber Crime, Bihar Police Action, Online Fraud Arrest, Cyber Fraud Case, Chapra News

