एनएसजी कमांडो जय प्रकाश यादव की आदमकद प्रतिमा लगेगी, सांसद ने की घोषणा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: देश की सुरक्षा में तैनात एनएसजी कमांडो जय प्रकाश यादव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए सांसद Janardan Singh Sigriwal शोकाकुल परिजनों से मिलने उनके गांव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शहीद जवान की पत्नी, पिता एवं भाई से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
सांसद ने शहीद जवान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा घोषणा की कि जय प्रकाश यादव की आदमकद प्रतिमा गांव में स्थापित की जाएगी, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके साहस और बलिदान से प्रेरणा ले सकें।
उन्होंने कहा कि वे रक्षा मंत्री Rajnath Singh से मिलकर पीड़ित परिजनों के जीवन-यापन के लिए समुचित अनुग्रह राशि दिलाने की मांग करेंगे। सांसद ने कहा कि राष्ट्र की सेवा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूत का सम्मान और उनके परिवार की देखभाल समाज एवं सरकार की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर धर्मेन्द्र सिंह समाज, मकेश्वर सिंह, जय किशोर सिंह, मनोज प्रसाद, हेमंत सिंह, विजय सिंह, बुद्धू महतो, रूपेश कुमार, सतीश सिंह, संजय सिंह तथा अंकित सिंह राणा समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

