मामूली विवाद बना हिंसक, महिला समेत छह लोग घायल
सारण (बिहार) संवाददाता संजय सिंह: सारण जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अतरसन गांव में मंगलवार को मामूली कहासुनी ने अचानक उग्र रूप ले लिया, जिसके बाद दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और गांव में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। घटना के बाद कुछ समय तक क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही।
मारपीट की इस घटना में एक महिला सहित कुल छह लोग घायल हो गए। घायलों में एक पक्ष से सविता देवी और अर्जुन सिंह शामिल हैं, जबकि दूसरे पक्ष से विकास प्रसाद, बलिराम सिंह, संदीप सिंह और कामेश्वर सिंह को चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए भेजवाया।
सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों व परिजनों के सहयोग से सभी घायलों को एकमा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, एकमा पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. सुशील प्रसाद ने प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक के अनुसार सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है और वे सुरक्षित हैं।
इधर, रसूलपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में एहतियातन पुलिस की नजर बनी हुई है ताकि दोबारा किसी प्रकार की अशांति न फैले।

