नरसिंहपुर में जुआ पर बड़ी कार्रवाई, 11 जुआरी गिरफ्तार, ₹1.20 लाख नकद जब्त
नरसिंहपुर (मध्यप्रदेश) संवाददाता राजकुमार दुबे: मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में की गई, जिसका उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना है।
पुलिस को थाना स्टेशनगंज क्षेत्र के सिंधी कॉलोनी में जुआ खेले जाने की सूचना मुखबिर के माध्यम से मिली थी। सूचना मिलते ही अति. पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी मनोज गुप्ता के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की गई, जहां 11 जुआरियों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में दीपक बाधवानी, जयकुमार वाधवानी, सुमित कुमार माखीजा, कोमल प्रसाद चौधरी, विक्की उर्फ बियेक मोटबानी, रमेश कुमार कुकरेजा, अजय वाधवानी, किशन मोटवानी, कपिल धनवानी, जितेन्द्र साधवानी और हरीश माखीजा शामिल हैं, जो सभी नरसिंहपुर के निवासी हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये नकद, ताश के पत्ते एवं अन्य जुआ सामग्री जब्त की। सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
इस अभियान में उनि मनीष मरावी, प्रधान आरक्षक आशीष मिश्रा, आरक्षक संजय पांडे, रोहित चंपुरिया, महेन्द्र ठाकुर और रंजीत की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखी जाए, ताकि जिले में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
Narsinghpur police action, Gambling raid MP, SP Rishikesh Meena, Station Ganj case, Crime news MP

