ताजपुर में चैता महा मुकाबला, रातभर गूंजे लोकगीत, उमड़ी हजारों की भीड़
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के ताजपुर बाजार स्थित सती माता मंदिर परिसर में हिंदू नव वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित द्विदलीय चैता मुकाबला भव्य माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ गायक अरविन्द सिंह अभियंता की लहरा वंदना से हुआ, जिसके बाद गायक अजित हलचल के साथ रोचक मुकाबला शुरू हुआ। इस लोक सांस्कृतिक आयोजन को देखने और सुनने के लिए हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा परिसर देर रात तक गुलजार रहा।
चैता महा मुकाबले में व्यास अरविन्द सिंह अभियंता और व्यास अजित हलचल के बीच जोरदार प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। दोनों कलाकारों ने बारी-बारी से अपने गीतों के माध्यम से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजकों द्वारा दोनों कलाकारों को 45-45 मिनट का समय दिया गया, जिसमें उन्होंने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को पूरी तरह भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना दिया। रातभर चले इस कार्यक्रम में श्रोता झूमते नजर आए और तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साह बढ़ाते रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रखंड के पूर्व उपप्रमुख रामकृष्ण सिंह, वर्तमान उपप्रमुख मनोज सिंह, भाजपा नेता राणा प्रताप सिंह उर्फ डब्लू सिंह, पैक्स अध्यक्ष संत सिंह, मुखिया मनीष कुमार सिंह, प्रोफेसर जनार्दन सिंह, पूर्व जिला पार्षद धर्मेंद्र सिंह समाज, जदयू नेता विजय सिंह, राजद नेता सुधांशु रंजन, मटियार पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सुशील कुमार सुमन, शिक्षक उमेश सिंह, बी के भारतीय, मंटू सिंह, बिरजा सिंह, उमेश पटेल, अनिल सिंह, पंडित धनंजय दुबे, राजेश सिंह, अधिवक्ता अजय सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम की सराहना की।
आयोजन समिति के इसरोज सिंह एवं नव युवक संघ के सदस्यों ने आगंतुक अतिथियों का स्वागत किया और बताया कि यह कार्यक्रम ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और इसे सांस्कृतिक धरोहर के रूप में सहेज कर आगे बढ़ाया जा रहा है।
पूरी रात चले इस सांस्कृतिक आयोजन के बाद सुबह दोनों कलाकारों को सम्मानित कर विदाई दी गई। इस भव्य आयोजन ने क्षेत्र में सांस्कृतिक उत्सव का माहौल बना दिया।
Chaita Mahamukabla Manjhi, Tajpur Sati Mandir Event, Bhojpuri Folk Program, Saran Cultural News

