मांझी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 90 लीटर देशी शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: जिले में पूर्ण शराबबंदी को सख्ती से लागू करने के क्रम में माँझी थाना पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 90 लीटर देशी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर वाहन जांच के क्रम में तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त दो बाइक को भी जब्त कर लिया गया।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि ताजपुर-माँझी और ताजपुर-एकमा मुख्य मार्गों से भारी मात्रा में शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने माँझी-ताजपुर मुख्य मार्ग पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान सलेमपुर प्राथमिक विद्यालय के समीप एक स्कूटी की तलाशी ली गई, जिसमें सीट के अंदर छिपाकर रखे गए 30 लीटर देशी शराब को बरामद किया गया। मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर स्कूटी को जब्त कर लिया गया।
इसके बाद ताजपुर-एकमा मुख्य मार्ग पर की गई जांच में जूट के बोरों में भरकर ब्लैक स्प्लेंडर बाइक से 60 लीटर देशी शराब की तस्करी कर रहे दो तस्करों को पुलिस ने धर दबोचा। दोनों को गिरफ्तार कर बाइक को भी जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान दशरथ यादव (पिता धूमराज यादव) एवं संजय यादव (पिता रामनाथ यादव), दोनों निवासी ग्राम भभौली, तथा राजकुमार बिंद (पिता भोला बिंद), निवासी ग्राम सोनबरसा, थाना माँझी के रूप में की गई है। इस मामले में तीनों के अलावा एक अन्य तस्कर के विरुद्ध भी माँझी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
Manjhi police action, liquor seizure Saran, Bihar prohibition enforcement, Chapra crime news, liquor smugglers arrested

