होम डिलीवरी से ही मिलेगा गैस सिलिंडर, पैनिक बुकिंग से बचने की अपील
सारण (बिहार): प्रभारी जिलाधिकारी सह उपविकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने सारण जिले के सभी एलपीजी गैस एजेंसी संचालकों के साथ समीक्षा बैठक कर वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए कई अहम निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बुधवार से गैस सिलिंडर का वितरण केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही किया जाएगा और किसी भी एजेंसी कार्यालय या गोदाम से सीधे सिलिंडर नहीं दिया जाएगा।
बैठक में सभी एजेंसियों को निर्देश दिया गया कि उपभोक्ताओं के लिए लगाए गए टोकन नंबर की सीरियल सूची प्रदर्शित की जाए और प्रतिदिन स्टॉक की अद्यतन स्थिति के साथ यह जानकारी भी सार्वजनिक की जाए कि किस तारीख तक के टोकन पर गैस की आपूर्ति की जा रही है। साथ ही एजेंसियों को 24 घंटे के भीतर पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाने, हेल्प डेस्क स्थापित करने तथा एक दिन पहले ही अगले दिन वितरण किए जाने वाले उपभोक्ताओं की सूची जारी करने का निर्देश दिया गया।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सभी उपभोक्ताओं को नियमित अंतराल पर सिलिंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सभी अनुमंडल पदाधिकारी और मार्केटिंग अधिकारी लगातार फील्ड में रहकर व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं, वहीं एजेंसियों द्वारा बताए गए स्टॉक का प्रतिदिन भौतिक सत्यापन भी सुनिश्चित किया जाएगा।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और पैनिक बुकिंग से बचें। गैस से संबंधित किसी भी समस्या के लिए जिला आपूर्ति नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06152-245023 पर सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक संपर्क किया जा सकता है। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, IOCL, HPCL और BPCL के प्रतिनिधियों सहित जिले की 69 गैस एजेंसियों के संचालक उपस्थित रहे।
LPG supply Saran, gas cylinder home delivery Chapra, LPG distributors meeting Bihar, gas booking rules Saran, district administration LPG update

