सिसवन में अलग-अलग घटनाओं में कई घायल, जमीन विवाद से लेकर सड़क हादसे तक मचा हड़कंप
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार को अलग-अलग घटनाओं में कई लोग घायल हो गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। चैनपुर ओपी क्षेत्र के चिरैया मठिया गांव में आपसी जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में स्थानीय निवासी मनन भारती के पुत्र सुरेंद्र भारती घायल हो गए। उनका इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में कराया गया, जबकि मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
इसी क्रम में सिसवन थाना क्षेत्र के सिसवन गांव में बाइक दुर्घटना में कैमुद्दीन दर्जी के पुत्र नौशाद अली घायल हो गए। उन्हें भी इलाज के लिए सिसवन रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
वहीं चैनपुर ओपी क्षेत्र के स्थानीय बाजार में आपसी विवाद को लेकर हुई मारपीट में गोपीचंद बासफोर के पुत्र मनोज बांसफोर घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया और पुलिस को सूचना देकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इसके अलावा थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर हुई बाइक दुर्घटनाओं में भागर गांव के घनश्याम शर्मा के पुत्र जयराम शर्मा तथा गंगपुर निवासी गोरखा साह के पुत्र कन्हैया प्रसाद घायल हो गए। दोनों घायलों का इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में कराया गया है।
भक्ति भाव के साथ निकली कलश यात्रा, अखंड अष्टयाम का हुआ शुभारंभ
सिसवन। प्रखंड क्षेत्र के एक गांव स्थित नर्वदेश्वर शिव मंदिर में 24 घंटे के अखंड अष्टयाम के आयोजन को लेकर मंगलवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर सिसवन के सरयू नदी स्थित मल्लाह घाट तक पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने जल भरकर आगे की यात्रा प्रारंभ की।
कलश यात्रा मल्लाह घाट से संकट मोचन हनुमान मंदिर होते हुए भगवती मंदिर पहुंची और पुनः मंदिर परिसर में आकर समाप्त हुई, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अखंड अष्टयाम की शुरुआत की गई। स्थानीय निवासी पारसनाथ तिवारी ने बताया कि हर वर्ष महाशिवरात्रि पर यह आयोजन होता था, लेकिन इस बार कुछ कारणों से नहीं हो सका, इसलिए इस अवसर पर अष्टयाम का आयोजन किया गया। आचार्य छोटन दुबे ने विधिवत पूजा-अर्चना कराई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
Siswan news, Saran accident news, land dispute Siswan, bike accident Chapra, Kalash Yatra news Bihar

