होली के दिन मारपीट व गाली- गलौज का आरोप, पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार:
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में मारपीट और गाली- गलौज का मामला सामने आया है। जहां पीड़ित राकेश कुमार मिश्रा ने सारण वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के फकुली गांव निवासी राकेश कुमार मिश्रा ने सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि होली के दिन यानी 04 मार्च को करीब 2:30 और 04 बजे गांव के ही कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया है। पीड़ित का कहना है कि वह अपने घर के पास था, तभी सोनू कुमार और मनोज कुमार सिंह सहित कुछ अन्य लोग वहां पहुंचे और गाली- गलौज करने लगे। वहीं विरोध करने पर आरोपितों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आवेदन में राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मारपीट के दौरान आरोपितों ने उन्हें धमकी भी दी कि यदि उन्होंने किसी प्रकार की शिकायत या केस किया तो उन्हें गोली मार दी जाएगी। शोर सुनकर जब आसपास के लोग पहुंचे और बीच- बचाव करने की कोशिश की तो आरोपितों द्वारा उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। घटना के बाद घायल अवस्था में राकेश कुमार मित्र को इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्होंने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। पीड़ित का कहना है कि घटना से संबंधित वीडियो साक्ष्य भी उनके पास उपलब्ध है, जिसे जरूरत पड़ने पर प्रशासन को सौंपा जा सकता है।इस संबंध में पीड़ित ने सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

