आईटीआई संस्थापक व प्रो. शिवाजी सिंह की माता शिव कुंमारी सिंह का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी प्रखंड अंतर्गत डुमरी पंचायत के पूर्व मुखिया एवं मुबारकपुर उच्च विद्यालय के अवकाश प्राप्त प्रधानाध्यापक स्व. बीरेन्द्र सिंह की पत्नी तथा आईटीआई की संस्थापक शिव कुंमारी सिंह (85 वर्ष) का बुधवार की सुबह हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और शोक व्यक्त करने के लिए शुभचिंतकों की भीड़ उनके दरवाजे पर उमड़ पड़ी।
बताया जाता है कि शिव कुंमारी सिंह लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय रही थीं और शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके निधन से डुमरी पंचायत सहित आसपास के क्षेत्रों में गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है।
बुधवार को दोपहर बाद सरयू नदी के किनारे डुमरी घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि उनके छोटे पुत्र व भाजपा नेता प्रो. शिवाजी सिंह ने दी। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष उमेश तिवारी, धर्मेन्द्र सिंह समाज, जय किशोर सिंह, प्रो. रघुनाथ ओझा, पूर्व मुखिया हिरालाल यादव, संजीत साह, डॉ. अशोक पाण्डेय, बबन सिंह, अंकित सिंह राणा, निरंजन सिंह तथा जितेंद्र सिंह समेत सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

