छपरा में महिला दिवस पर सम्मान समारोह, विधायक छोटी कुमारी ने महिलाओं को किया जागरूक
महिलाओं को शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक रहना जरूरी: विधायक छोटी कुमारी
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ठाकुर बाड़ी महिला विकास कल्याण समिति द्वारा शहर के साधनापुरी स्थित शाखा कार्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन स्थानीय विधायक छोटी कुमारी, अंतरराष्ट्रीय स्तर की समाजसेविका सिस्टर ज्योति, संस्था की संस्थापिका डॉ. अंजू सिंह, मिशन शक्ति की जिला मिशन समन्वयक निभा सिंह, संगीत शिक्षिका कंचन बाला, अधिवक्ता सुनीता कुमारी तथा भजन गायिका मंजू कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की संस्थापिका डॉ. अंजू सिंह और डॉ. अल्का सिंह ने अतिथियों को अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक छोटी कुमारी ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। आज महिलाएं शिक्षा, राजनीति, प्रशासन और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने महिलाओं से शिक्षा प्राप्त करने, आत्मनिर्भर बनने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
समाजसेविका सिस्टर ज्योति ने कहा कि अगर महिलाओं में कुछ करने का जज़्बा हो तो वे बिना सरकारी सहयोग के भी स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बन सकती हैं। उन्होंने स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार आंवला जूस, एलोवेरा जूस, चूर्ण और जड़ी-बूटियों से निर्मित औषधियों का प्रदर्शन करते हुए बताया कि ऐसे लघु उद्योग महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना सकते हैं।
मिशन शक्ति की जिला मिशन समन्वयक निभा सिंह ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि इनका उद्देश्य बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। वहीं संगीत शिक्षिका कंचन बाला ने कहा कि यदि एक मां अपनी बेटी को अच्छे संस्कार देती है तो आने वाली पीढ़ी भी मजबूत बनती है।
संस्था की संस्थापिका डॉ. अंजू सिंह ने कहा कि केरल की रहने वाली सिस्टर ज्योति पिछले 25 वर्षों से सारण को अपनी कर्मभूमि बनाकर महिलाओं को सशक्त बनाने का कार्य कर रही हैं, जो समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।
इस अवसर पर डॉ. अल्का सिंह, डॉ. नीला सिंह, राजेंद्र कॉलेज की डॉ. नीतू सिंह, उर्मिला सिंह, दिव्या सिंह, सलमा अख्तर, निःशुल्क सिलाई-कटाई प्रशिक्षण केंद्र की संचालिका मणि शाही और प्रीति शाही सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शालिनी और अनिशा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अल्का सिंह ने किया।

