मांझी के गांधी पूर्व विधायक बुद्धन प्रसाद यादव की तीसरी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी के पूर्व विधायक स्व. बुद्धन प्रसाद यादव की तीसरी पुण्यतिथि के अवसर पर सोमवार को उनके आवासीय परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान अनेक गणमान्य लोगों ने उनकी तस्वीर पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
श्रद्धांजलि देने पहुंचे वक्ताओं ने स्व. यादव के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उन्हें माँझी का “गांधी” बताया और उनके आदर्शों पर चलने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्व. यादव ने जनसेवा को सर्वोपरि मानते हुए क्षेत्र के विकास एवं सामाजिक समरसता के लिए निरंतर कार्य किया। उल्लेखनीय है कि वे माँझी विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक निर्वाचित हुए थे। तीन वर्ष पूर्व उनका निधन हो गया था।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में माँझी के पूर्व एमएलसी प्रत्याशी व वरिष्ठ राजद नेता सुधांशु रंजन, पूर्व मुखिया सत्य नारायण प्रसाद यादव, ई. सौरभ सन्नी, रंजन शर्मा, सुभाष यादव, बीरेन्द्र यादव, तूफानी यादव, सुरेश यादव, चन्द्रमा यादव, रामचन्द्र यादव तथा नागेन्द्र ठाकुर समेत कई गणमान्य लोग शामिल थे।
समारोह का संचालन पूर्व विधायक के पुत्र संदीप रौशन ने किया। उपस्थित लोगों ने स्व. यादव के बताए मार्ग पर चलने और क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहने का संकल्प लिया।

