दाउदपुर पुलिस ने बोलेरो से 303 लीटर विदेशी शराब जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: दाउदपुर थाना पुलिस ने सोमवार की सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो वाहन से लगभग 303 लीटर विदेशी शराब बरामद की तथा मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। होली पर्व से पूर्व अवैध शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
दाउदपुर थाना के अपर थानाध्यक्ष बिपुल कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि एक बोलेरो वाहन से शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के बभनावली गांव के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान एक बोलेरो को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक ने वाहन तेज कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर वाहन को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर वाहन के अंदर छिपाकर रखी गई कुल 303 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई, जिसमें विभिन्न ब्रांड शामिल हैं।
अपर थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी तथा किस स्थान पर आपूर्ति की जानी थी।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि होली पर्व के मद्देनजर अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। अधिकारियों का कहना है कि शराब माफिया नए-नए तरीके अपनाकर बिहार में अवैध शराब खपाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पुलिस की सख्ती से उनके प्रयास लगातार विफल हो रहे हैं।

