नाम वापसी के बाद बरेजा पैक्स में चुनावी मुकाबला दिलचस्प, सुभाष सिंह बनाम विजय शंकर शुक्ल
नाम वापसी से बदला समीकरण, बरेजा पैक्स चुनाव में सुभाष सिंह की राह आसान
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के माँझी प्रखंड के आदर्श ग्राम बरेजा पैक्स के अध्यक्ष पद के चुनाव में एक बड़ा राजनीतिक मोड़ सामने आया है। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी बिबेक कुमार सिंह ने अपना नामांकन वापस लेते हुए निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष सुभाष सिंह को समर्थन देने की घोषणा कर दी है। उनके इस फैसले के बाद सुभाष सिंह के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और चुनावी माहौल अचानक बदल गया।
नाम वापसी के बाद अब बरेजा पैक्स के चुनावी मैदान में मुकाबला और स्पष्ट हो गया है। अब मुख्य रूप से निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष सुभाष सिंह और वर्तमान सरपंच विजय शंकर शुक्ल के बीच सीधा आमने-सामने का मुकाबला होने जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बिबेक कुमार सिंह के समर्थन से सुभाष सिंह की स्थिति पहले की तुलना में काफी मजबूत हो गई है और चुनावी समीकरण उनके पक्ष में झुकते नजर आ रहे हैं।
गांव में नाम वापसी की खबर फैलते ही समर्थकों के बीच उत्साह देखा गया। समर्थकों ने इसे सुभाष सिंह के पक्ष में बड़ा राजनीतिक समर्थन बताते हुए आगामी चुनाव में उनकी जीत का भरोसा जताया। वहीं अब पूरे क्षेत्र की नजर इस रोचक मुकाबले पर टिक गई है कि बरेजा पैक्स का नेतृत्व किसके हाथ में जाता है।

