रामघाट पर बन रहे अटल घाट का सांसद सीग्रीवाल ने किया निरीक्षण, तीन माह में कार्य पूरा करने का निर्देश
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के माँझी स्थित प्रसिद्ध रामघाट पर नमामि गंगे परियोजना के तहत निर्माणाधीन अटल घाट का रविवार को सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल ने निरीक्षण किया। करीब साढ़े नौ करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस घाट के कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए उन्होंने संबंधित ठेकेदार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं को वर्षभर सुविधा के साथ स्नान करने के लिए घाट की सीढ़ियों का निर्माण पानी के नीचे तक कराया जाए, ताकि जलस्तर बदलने पर भी किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि निर्माण कार्य में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और गुणवत्ता के साथ कार्य समय पर पूरा कराया जाएगा।
सांसद ने बताया कि रामघाट देश का इकलौता छठ घाट होगा, जहां पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की विशाल प्रतिमा स्थापित की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगले तीन महीनों के भीतर अटल घाट को श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह तैयार कर दिया जाएगा।
उन्होंने आगे जानकारी दी कि अगले चरण में अटल घाट से लेकर बहोरन सिंह के टोला घाट तक नए सिरे से पक्का घाट और पक्की सड़क का निर्माण कराया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकेगी। साथ ही उन्होंने चैती छठ व्रतियों के मद्देनजर तत्काल घाटों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान पूर्व जिला पार्षद धर्मेन्द्र सिंह समाज, पंकज सिंह, ई. सौरभ सन्नी, रंजन शर्मा, मनोज प्रसाद, नीतू सिंह, रक्षा लोहिया, भरत मांझी तथा अमरनाथ तिवारी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Manjhi Ramghat, Atal Ghat construction, Janardan Singh Sigrival, Namami Gange Bihar, Saran news
#Manjhi #Saran #AtalGhat #NamamiGange #BiharNews #Development #ChhathGhat

