वुडबाईन प्रिपेरेटरी स्कूल की तीसरी शाखा का शुभारंभ
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: छपरा शहर के नेहरू चौक के समीप स्थित आजाद नगर में पिछले दस वर्षों से संचालित वुडबाईन प्रिपेरेटरी स्कूल ने अपने शैक्षणिक विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए भगवान बाजार के छत्रधारी बाजार में अपनी तीसरी शाखा का शुभारंभ किया। बुधवार को आयोजित एक सादे लेकिन गरिमामय समारोह में पूर्व डीओ राज किशोर सिंह एवं पूर्व प्राचार्य परमेश्वर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर विद्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में संस्थान की उपलब्धियों और भावी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि गुदरी में संचालित दूसरी शाखा में सीमित संसाधनों के कारण कुछ छात्र-छात्राएं प्रवेश से वंचित रह जा रहे थे। अब छत्रधारी बाजार स्थित नई शाखा के आरंभ होने से अधिक संख्या में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी और वे देश के प्रतिष्ठित विद्यालयों में नामांकन की तैयारी सहज रूप से कर पाएंगे। प्रबंध निदेशक बिनीत कुमार, निदेशक हरेन्द्र कुमार राय, निदेशक राजू सिंह तथा प्राचार्य डी.के. सिंह ने संयुक्त रूप से जानकारी दी कि संस्थान आधुनिक शिक्षण पद्धति, अनुशासित वातावरण और प्रतिस्पर्धात्मक तैयारी के माध्यम से विद्यार्थियों को मजबूत शैक्षणिक आधार प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में अभिभावकों और स्थानीय गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही तथा सभी ने विद्यालय की नई शाखा के लिए शुभकामनाएं दीं।

