प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा 90वीं शिव जयंती पर फहराया गया शिव ध्वज, निकाली गई भव्य रैली
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: परमपिता परमात्मा त्रिमूर्ति शिव बाबा की 90वीं शिव जयंती के पावन अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के जलालपुर सेवा केंद्र द्वारा श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ शिव ध्वज फहराया गया तथा भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, विद्यार्थियों एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। स्थानीय जलालपुर के अंचल पदाधिकारी (सीओ) अविनाश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया। रैली स्थानीय राजयोग सेवा केंद्र से प्रारंभ होकर प्रखंड मुख्यालय, मिश्रवलिया, डूबवलिया हनुमान मंदिर, पंडित महेंद्र मिसिर चौक होते हुए पुनः सेवा केंद्र पहुंची। रैली में परमात्मा शिव बाबा की आकर्षक झांकी के साथ भारत माता एवं लक्ष्मी-नारायण के दिव्य स्वरूप ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर अंचल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि शिव जयंती केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि आत्मिक जागृति का संदेश है। समाज में नैतिक मूल्यों, शांति और सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजनों की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि परमात्मा शिव का संदेश जन- जन तक पहुंचाने का यह प्रयास सराहनीय है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीके अनामिका दीदी ने कहा कि परमात्मा शिव कलियुग के अंतिम समय में अवतरित होकर हम सभी आत्माओं को ज्ञान और योग के द्वारा सुख और शांति की दुनिया स्थापन करते है ।जलालपुर सेवा केंद्र की संचालिका बीके वीणा सहित आराधना, मुन्नी, ज्योति, प्रियांशु, सरिता, पूनम, खुशबू, अरविंद भाई, प्रभुनाथ भाई और किशन समेत कई भाई-बहन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन शांति संदेश और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

