महाशिवरात्रि पर उत्तराखंड क्रांति दल की धार्मिक यात्रा, ताड़केश्वर महादेव में जलाभिषेक कर हुआ समापन
संवाददाता: प्रेरणा बुडाकोटी
ताड़केश्वर धाम (उत्तराखंड): महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर उत्तराखंड क्रांति दल द्वारा लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र में भव्य धार्मिक यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का संचालन लैंसडाउन विधानसभा अध्यक्ष मुकेश बिष्ट के नेतृत्व में किया गया। यह यात्रा कठुलिया महादेव सिद्धिखाल से प्रारंभ होकर रिखणीखाल, देवियोखाल, ढाबखाल और चकुलियाखाल होते हुए प्रसिद्ध ताड़केश्वर महादेव मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने विधिवत जलाभिषेक किया।
यात्रा में लगभग दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने सहभागिता की और पूरे मार्ग में ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ धार्मिक उत्साह का प्रदर्शन किया। ताड़केश्वर महादेव मंदिर में पूजन-अर्चन के उपरांत भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजकों के अनुसार इस धार्मिक यात्रा का मुख्य उद्देश्य महाशिवरात्रि के अवसर पर धार्मिक एकता को सुदृढ़ करना तथा क्षेत्रीय दल के रूप में उत्तराखंड क्रांति दल के प्रति जनता को संगठित कर राज्य के समग्र विकास की दिशा में जनजागरण करना है।
इस अवसर पर केंद्रीय संरक्षक डॉ. शक्तिशैल कपरवाण, केंद्रीय उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश भारद्वाज, जिला अध्यक्ष मुकेश बड़थ्वाल, पुष्कर रावत, भरत मोहन काला, सतपाल नेगी, संगठन मंत्री अनूप चौहान, प्रवीन बिष्ट, सुबोध रावत, राम सिंह नेगी, प्रदीप मेहरा, सतेन्द्र रावत, अभिजित रावत, लक्ष्मी जी, रणवीर रावत, ब्लॉक अध्यक्ष गब्बर सिंह बिष्ट, सरोजनी देवी, सुरेश रावत सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यात्रा शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

