कपूर ब्रह्मबाबा प्रांगण में सजा शिव विवाह महोत्सव, रातभर झूमे सैकड़ों भक्त!
सारण (बिहार): माँझी प्रखंड के सलेमपुर स्थित प्रसिद्ध कपूर ब्रह्मबाबा के प्रांगण अंतर्गत रामेश्वर नाथ मंदिर परिसर में महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी शिव विवाह महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान वैदिक आचार्य धनंजय दुबे द्वारा भगवान महादेव भोले शंकर का विधिवत अभिषेक एवं श्रृंगार वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
शिव चर्चा समिति के अध्यक्ष कृष्णा सिंह ने मंच पर उपस्थित संगीत कलाकारों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। वहीं व्यास गोपाल राय ने शिव विवाह प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन कर उपस्थित श्रद्धालुओं को रातभर भक्ति रस में सराबोर रखा। उनके मधुर वाचन और कथा प्रस्तुति पर सैकड़ों श्रोता झूमते नजर आए और पूरा मंदिर परिसर शिवमय वातावरण में डूबा रहा।
कार्यक्रम में तारकेश्वर सिंह (शिक्षक), परशुराम सिंह, पूर्व जिला पार्षद सदस्य धर्मेंद्र सिंह समाज, कवलेश्वर माझी, ऋषि मुनि, झुना सिंह, रीमा देवी, इतवारो देवी, गंगा देवी, किरण देवी, अनिरुद्ध राम, परशुराम राम सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। देर रात तक चले इस धार्मिक आयोजन ने क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

