गोबरही शिव शक्ति धाम में श्री हनुमत महायज्ञ की पूर्णाहुति पर भव्य देवी जागरण, भजनों पर झूमे हजारों श्रद्धालु
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के गोबरही स्थित शिव शक्ति धाम मंदिर परिसर में आयोजित श्री हनुमत महायज्ञ की पूर्णाहुति के अवसर पर रविवार की रात भव्य देवी जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का निर्देशन गायक मनन गिरी मधुकर द्वारा किया गया।
जागरण में गायक सोनू सावन एवं गायिका प्रिया मिश्रा की टीम ने पारंपरिक तथा फिल्मी धुनों पर आधारित भजन और देवी गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी। पंडाल में मौजूद हजारों महिला-पुरुष श्रद्धालु भक्ति संगीत पर झूमते नजर आए।
इससे पूर्व मंदिर निर्माण समिति सह यज्ञ के संयोजक विजय सिंह, अजय सिंह तथा जदयू नेता सुनील सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं कलाकारों को फूलमाला और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
मौके पर पूर्व जिला पार्षद धर्मेंद्र सिंह समाज, राम नारायण सिंह, त्रिगुणा सिंह, अरुण सिंह, सोनू सिंह कौशिक, धीरज सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन चंदन मिश्रा ने किया। देर रात तक चले इस धार्मिक आयोजन ने क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।

