“सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम में 89 से अधिक मामलों की सुनवाई
सिवान (बिहार): समाहरणालय सिवान के संवाद कक्ष में आज “सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, सिवान श्री विवेक रंजन मैत्रेय वरीय पदाधिकारियों के साथ आमजन की समस्याएं सुनने हेतु उपस्थित रहे।
जिला पदाधिकारी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 89 से अधिक परिवादकर्ताओं की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित पदाधिकारियों को परिवाद पत्रों की शीघ्र जांच कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। कई मामलों में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त सिवान, भूमि उपसमाहर्ता (सदर एवं महाराजगंज), अनुमंडल पदाधिकारी (सदर एवं महाराजगंज) तथा संबंधित प्रखंडों के नामित जिला स्तरीय पदाधिकारियों को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम में भूमि विवाद, आपसी बंटवारा, अतिक्रमण, कल्याण, बैंकिंग, शस्त्र लाइसेंस, आपूर्ति, स्वास्थ्य, नगर पंचायत, पंचायती राज विभाग, विद्युत विभाग सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
भूमि से जुड़े मामलों की अधिकता को देखते हुए जिला पदाधिकारी ने संबंधित अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की अध्यक्षता में प्रत्येक शनिवार आयोजित जनता साक्षात्कार कार्यक्रम में दोनों पक्षों को बुलाकर प्राथमिकता के आधार पर मामलों के निष्पादन का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी भूमि सुधार उप समाहर्ताओं को गंभीर मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया, ताकि मामलों का पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण हो सके।
जिला पदाधिकारी ने जांच पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों की जांच अधिकतम सात दिनों के भीतर पूर्ण करें तथा यदि कोई कर्मी या पदाधिकारी दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई हेतु प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।
जनता दरबार में भूमि संबंधी मामलों की अधिकता पर जिला पदाधिकारी ने डीसीएलआर को निर्देशित किया कि ग्रामीण एवं किसान आवेदकों को सरकारी प्रक्रियाओं में हरसंभव सहायता प्रदान की जाए।

