सिसवन में सरयू घाट पर खड़ी नाव में आग, असामाजिक तत्वों पर आशंका
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र के जई छपरा स्थित सरयू नदी घाट पर हनुमान मंदिर के समीप रखी एक नाव में अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा आग लगा दिए जाने की घटना सामने आई है। आग लगने से नाव पूरी तरह जलकर राख हो गई, जिससे नाव मालिक को भारी आर्थिक क्षति हुई है।
बताया जाता है कि नाव के मालिक हिरा यादव ने अपनी नाव को सरयू नदी से बाहर निकालकर मरम्मत के उद्देश्य से घाट पर सुरक्षित स्थान पर रखा था। सोमवार की सुबह जब वे नियमित रूप से नाव का निरीक्षण करने पहुंचे, तो देखा कि नाव में आग लगी हुई है। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक लपटें तेज हो चुकी थीं और नाव पूरी तरह जल चुकी थी।
घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक तौर पर शरारती तत्वों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों की शीघ्र पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

