सिसवन के पिपरा में छठ घाट पर छापेमारी, 133 बंटी बबली बरामद
सिवान (बिहार): जिले के सिसवन प्रखंड अंतर्गत चैनपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पिपरा गांव स्थित छठ घाट पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। पुलिस कार्रवाई के दौरान 200 एमएल की 133 पीस ‘बंटी बबली’ देशी शराब जब्त की गई। यह कार्रवाई अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
थानाध्यक्ष विजय रंजन ने बताया कि पुलिस को गुप्त रूप से सूचना मिली थी कि पिपरा गांव के छठ घाट के आसपास अवैध रूप से शराब का भंडारण किया गया है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की, जहां से उक्त मात्रा में देशी शराब बरामद हुई। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही शराब कारोबारी मौके से फरार होने में सफल रहा।
पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। चैनपुर थाना पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

