फरार अपराधियों पर 5-5 हजार का इनाम घोषित, सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार): सारण पुलिस ने फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न कांडों में वांछित सात आरोपियों पर पांच-पांच हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। 25 फरवरी 2026 को जारी सूचना के अनुसार इन अभियुक्तों की गिरफ्तारी या ठोस सूचना देने वाले व्यक्ति को निर्धारित इनाम राशि दी जाएगी तथा उसकी पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
घोषणा के तहत सोनपुर कांड संख्या 1104/23 के अभियुक्त पप्पू राय (सोनपुर थाना क्षेत्र), गड़खा कांड संख्या 434/25 के राजकुमार उर्फ धीकल राय, गड़खा कांड संख्या 171/24 के रमेश राम, शैलेश राम एवं मुकेश राम, बनियापुर कांड संख्या 194/25 की इंदु देवी तथा दरियापुर कांड संख्या 185/12 के गणेश राय पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। सभी अभियुक्त सारण जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं और लंबे समय से फरार चल रहे हैं।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि इन अभियुक्तों के संबंध में कोई भी विश्वसनीय सूचना हो तो जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष के संपर्क सूत्र 9031036406 पर जानकारी दें। पुलिस का कहना है कि गंभीर कांडों में संलिप्त अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है और आम नागरिकों का सहयोग इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
