होली को लेकर सारण प्रशासन अलर्ट: डीएम-एसएसपी की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न
छपरा (बिहार): 26 फरवरी 2026
आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को समाहरणालय कक्ष, सारण में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिलाधिकारी, सारण एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण ने की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सहित जिले के सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में होली के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई। असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने, सोशल मीडिया की निरंतर मॉनिटरिंग करने तथा आवश्यकता अनुसार दंगा-रोधी बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही शराबबंदी कानून के प्रभावी अनुपालन पर विशेष जोर दिया गया।
वरीय अधिकारियों ने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित फ्लैग मार्च, सघन वाहन जांच अभियान एवं लगातार गश्ती व्यवस्था को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। अफवाह फैलाने वालों एवं हुड़दंग करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात भी कही गई।
सारण पुलिस ने आमजन से अपील की है कि होली पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय थाना, डायल 112 या जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 9031036406 पर तुरंत संपर्क करने का आग्रह किया गया है।

