वायरल खबर के बाद हरकत में प्रशासन: मांझी मनरेगा पार्क की होगी सफाई, जल्द खुलेगा आमजन के लिए
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार): मांझी प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित मनरेगा पार्क की शीघ्र साफ-सफाई कर उसे मरीजों तथा आम लोगों के मॉर्निंग वॉक के लिए अनुकूल बनाया जाएगा। गुरुवार को सोशल मीडिया पर पार्क में ताला लगाए जाने की खबर वायरल होने के बाद जदयू नेता उमाशंकर ओझा ने प्रखंड विकास पदाधिकारी उपेन्द्र दास से मिलकर इसकी शिकायत की।
शिकायत के बाद बीडीओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मनरेगा पीओ के माध्यम से तत्काल पार्क की साफ-सफाई कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पार्क को व्यवस्थित कर आमजन के उपयोग के योग्य बनाया जाएगा।
ज्ञात हो कि वर्ष 2022 में मनरेगा योजना के तहत निर्मित यह पार्क रखरखाव में अनियमितता के कारण अब तक बंद पड़ा है। देखरेख के अभाव में पार्क में झाड़-झंखाड़ उग आए हैं और यह जहरीले जीव-जंतुओं का ठिकाना बन गया है, जिससे आसपास के लोगों में असंतोष है।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद पार्क को शीघ्र ही सुचारू रूप से चालू कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को टहलने और विश्राम का बेहतर स्थान उपलब्ध हो सके।
#Manjhi
#MNREGAPark
#BiharNews
#PublicIssue
#JDU
#UmashankarOjha
#LocalAdministration
#MorningWalk
#SocialMediaImpact
