डमरू घाटी में महाशिवरात्रि को लेकर प्रशासन अलर्ट, श्रद्धालुओं की सुविधा व स्वच्छता पर रहेगा विशेष फोकस
नरसिंहपुर (मध्यप्रदेश) संवाददाता राजकुमार दुबे: महाशिवरात्रि के पावन पर्व को लेकर नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा स्थित डमरू घाटी में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आगामी 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को डमरू घाटी परिसर में स्थानीय प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट समिति के सदस्यों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें पर्व और मेले के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों और समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई और भीड़ नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महाशिवरात्रि के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएंगी। विशेष रूप से गंदगी और प्रदूषण को लेकर प्रशासन सख्त रुख अपनाने के मूड में नजर आया।
प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई कि वे निर्धारित गाइडलाइन का पालन करें और आयोजन को सुव्यवस्थित व सुरक्षित बनाने में सहयोग दें। अधिकारियों ने कहा कि डमरू घाटी महादेव के दरबार में आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा, लेकिन साथ ही स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
बैठक के दौरान यह भी तय किया गया कि मेले के दौरान प्रशासन और समिति के स्वयंसेवक लगातार सक्रिय रहेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। प्रशासन का कहना है कि सामूहिक सहयोग से ही महाशिवरात्रि का यह भव्य आयोजन सफल और यादगार बनाया जा सकता है।

