सारण: आपसी रंजिश को लेकर गोलीबारी, पशु चिकित्सक घायल, पुलिस ने संभाली स्थिति
सारण (बिहार): दाउदपुर थाना क्षेत्र के बंगरा गांव में मंगलवार की सुबह पुरानी आपसी रंजिश को लेकर हुई गोलीबारी की घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को पहले स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, इसके बाद बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया, हालांकि पुलिस की तत्परता से स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में कर लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपराधी मवेशी की दवा मांगने के बहाने स्थानीय पशु चिकित्सक संजीव सिंह के दरवाजे पर पहुंचे और उन्हें घर से बाहर बुलाया। इसी दौरान आपसी विवाद को लेकर फायरिंग की गई, जिसमें एक युवक को गोली लग गई। पुलिस को शुरुआती जांच में आपसी रंजिश के कारण वारदात को अंजाम दिए जाने की जानकारी मिली है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सारण द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दिनांक 10 फरवरी 2026 को सुबह करीब 9:40 बजे ग्राम बंगरा में दो पक्षों के बीच कहासुनी के दौरान फायरिंग की घटना हुई। इसकी सूचना लगभग 10 बजे दाउदपुर थानाध्यक्ष को मिली, जिसके बाद पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। मौके से तीन खोखे बरामद किए गए हैं।
पुलिस द्वारा घायल को तत्काल एकमा अस्पताल भेजा गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल घायल की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में आधा दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सारण पुलिस ने बताया कि स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है। अभियुक्तों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

