सरयू नदी के रास्ते शराब तस्करी पर मांझी पुलिस का करारा वार, 235 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: बिहार में पूर्ण शराबबंदी को ठेंगा दिखाने वाले शराब तस्करों के खिलाफ सारण जिले के मांझी थाना की पुलिस ने गुरुवार देर रात एक बार फिर बड़ी और प्रभावी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में मांझी थाना पुलिस की टीम ने सरयू नदी में चल रही एक मोटर चालित नौका से करीब 235 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त नौका को जब्त करते हुए थाना क्षेत्र के कौरूधौरू गांव निवासी शंकर चौधरी के पुत्र नीरज चौधरी तथा रुदल चौधरी के पुत्र संजय चौधरी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर पूरे तस्करी नेटवर्क की परतें खोलने में जुट गई है।
बताया गया है कि यह पूरी घटना मांझी थाना से महज दो किलोमीटर की दूरी पर घटी। थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से सरयू नदी के रास्ते एक मोटर चालित नौका के जरिए विदेशी शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है, जिसे कौरूधौरू गांव के समीप सरयू नदी के तट पर उतारा जाना है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थल के आसपास घेराबंदी कर छापेमारी की, जहां नौका पर लदी शराब को जब्त करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक सप्लाई किया जाना था। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य बड़े नामों का भी खुलासा हो सकता है।
इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर यह स्पष्ट हो गया है कि शराब माफिया लगातार नए-नए तरीके अपनाकर बिहार में शराब खपाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन मांझी पुलिस की सख्ती से उनके मंसूबों पर लगातार पानी फिर रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि इस खेप के पीछे सक्रिय बड़े तस्करों तक पुलिस कब और कैसे पहुंच पाती है।

