मां सरस्वती विद्या मंदिर में तीन दिवसीय खेल महोत्सव, छात्रों ने दिखाया दमखम
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी नगर पंचायत अंतर्गत रघुनाथ गिरी के मठिया स्थित मां सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में आयोजित तीन दिवसीय खेल महोत्सव में विद्यालय के दर्जनों छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपने हुनर का प्रदर्शन किया और दर्शकों की तालियां बटोरीं।
शुक्रवार को खेल महोत्सव में पहुंचे राजद नेता सुधांशू रंजन ने विभिन्न स्तरों पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं का बारीकी से अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खेल सामाजिक सौहार्द्र को बढ़ावा देने के साथ-साथ शारीरिक सुदृढ़ता एवं मानसिक विकास का सशक्त माध्यम है।
इससे पूर्व गुरुवार को खेल महोत्सव का विधिवत उद्घाटन विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष अमरनाथ तिवारी एवं सचिव उमेश कुमार गिरी ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन सत्र में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा म्यूजिकल चेयर रेस सहित अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
विद्यालय के प्रबंधक उमेश गिरी ने बताया कि शनिवार को खेल महोत्सव का समापन समारोह आयोजित होगा, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों की उपस्थिति से परिसर में उत्साह का माहौल बना रहा।

