सदर अस्पताल में दलालों पर प्रशासन का कड़ा प्रहार, मरीज को पटना ले जाने वाले दलाल पर एफआईआर
सारण (बिहार): सारण जिले के सदर अस्पताल छपरा में सक्रिय दलालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। मरीजों को बहला-फुसलाकर निजी क्लीनिकों में ले जाने की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बनियापुर प्रखंड की निवासी श्रीमती शांति देवी को गुमराह कर पटना के एक निजी क्लीनिक में ले जाने के आरोप में संबंधित दलाल के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं पुलिस अधीक्षक, सारण द्वारा संयुक्त रूप से सदर अस्पताल में औचक निरीक्षण और छापेमारी की गई थी। इस दौरान अस्पताल परिसर में सक्रिय कई निजी एम्बुलेंस संचालकों पर कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया था। अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी थी कि अस्पताल परिसर में किसी भी प्रकार की दलाली या अवैध गतिविधि को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसी क्रम में जिलाधिकारी के निर्देश पर सारण जिले के विभिन्न सरकारी अस्पतालों की जांच वरीय पदाधिकारियों से कराई गई। साथ ही सदर अस्पताल के मुख्य द्वार के समीप पुलिस चेक पोस्ट स्थापित किया गया, ताकि संदिग्ध व्यक्तियों और बाहरी तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
इसके बावजूद 20 फरवरी 2026 को एक दलाल द्वारा बनियापुर निवासी श्रीमती शांति देवी को बेहतर इलाज का झांसा देकर पटना स्थित निजी क्लीनिक ले जाने का मामला सामने आया। परिजनों द्वारा दिए गए लिखित परिवाद और संबंधित दलाल के फोटोग्राफ के आधार पर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक ने भगवान बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि आरोपित की पहचान कर गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन ने दोहराया है कि मरीजों की मजबूरी का लाभ उठाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अस्पताल परिसर को दलाल-मुक्त बनाने के लिए निगरानी व्यवस्था और सुदृढ़ की जाएगी।
जिलाधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति सरकारी अस्पताल से मरीज को निजी संस्थान ले जाने के लिए दबाव डालता है या गुमराह करता है, तो तत्काल इसकी सूचना अस्पताल प्रशासन या पुलिस को दें। प्रशासन का दावा है कि सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं और दोषियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
#Chhapra #SaranNews #SadarHospital #HealthAdministration #AntiBrokerAction #BiharNews #PublicHealth #PoliceAction

