अस्मिता सेपक टकरा लीग में दिखा बेटियों का दम, भागवत विद्यापीठ बना चैंपियन
खेलो इंडिया एवं युवा कार्यक्रम व खेल मंत्रालय द्वारा प्रायोजित अस्मिता सेपक टकरा लीग आयोजित: जिला खेल पदाधिकारी
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: ग्रामीण एवं अर्धशहरी क्षेत्रों की बेटियों को विभिन्न प्रकार के खेलों से जोड़कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से स्थानीय शहर के भागवत विद्यापीठ में खेलो इंडिया एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा प्रायोजित अस्मिता सेपक टकरा लीग 2025- 26 का आयोजन किया गया। उक्त बातें जिला खेल पदाधिकारी मोहम्मद शमीम अंसारी ने उद्घाटन समारोह के दौरान कही। उन्होंने यह भी कहा कि सारण जिले की महिला खिलाड़ियों को न केवल अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है, बल्कि समाज को एक सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश भी दिया है। क्योंकि ग्रामीण क्षेत्रों में महिला खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खेलो इंडिया एवं युवा कार्यक्रम व खेल मंत्रालय द्वारा प्रायोजित अस्मिता सेपक टकरा लीग कराया जा रहा है। अस्मिता लीग जैसी प्रतियोगिताएं बेटियों को आत्मविश्वास, अनुशासन और बेहतर भविष्य की दिशा देती हैं। छपरा की खिलाड़ियों ने जिस उत्साह और प्रतिभा का प्रदर्शन किया है, वह आने वाले समय में जिले के लिए गौरव का कारण बनेगा।
सारण जिला सेपक टकरा संघ के सचिव तरुण कुमार सिंह ने बताया कि खेलो इंडिया के तहत बिहार के तीन जिले यथा- पटना, सारण और बेगूसराय में इस लीग का आयोजन किया जा रहा है। उक्त तीनों जिलों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर प्रतिभाओं का चयन कर उन्हें नेशनल कैंप में उन्नत प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। हमारा प्रयास है कि ग्रामीण स्तर की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय मंच तक पहुंचें और देश का नाम रोशन करें। उन्होंने यह भी कहा कि इस आयोजन ने जिले की बेटियों में खेलों के प्रति नया उत्साह जगाया है और भविष्य में और भी बड़े स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित कर खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्रदान किए जाएंगे। कृत्रिम दूधिया रोशनी और हल्की ठंड के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा, वहीं खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए जीत के लिए पूरा दमखम लगाया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी मोहम्मद शमीम अंसारी, बिहार सेपक टकरा संघ के कोषाध्यक्ष डॉ. करुणेश, डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह, डॉ. सुरेश प्रसाद सिंह, जिला संघ के सचिव तरुण कुमार सिंह तथा कोषाध्यक्ष राजेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। सभी मुकाबले बिहार टीम के कोच अजीत कुमार और विक्की कुमार के निर्देशन में संपन्न कराए गए। जबकि बिहार सेपक टकरा संघ एवं जिला संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में छपरा, दरियापुर, नवादा, मसरख सहित करीब आधा दर्जन प्रखंडों की टीमों ने हिस्सा लिया। जिसमें एक- दूसरे को कड़ी टक्कर दी। प्रतियोगिता में मेजबान भागवत विद्यापीठ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि दरियापुर की टीम उपविजेता रही। विजेता और उपविजेता टीमों को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी एवं प्रमाण- पत्र देकर सम्मानित किया गया।

