सिसवन क्षेत्र में मारपीट व हादसों की अलग-अलग घटनाओं में कई लोग घायल
सिवान (बिहार): सिसवन थाना व चैनपुर ओपी क्षेत्र में सोमवार को मारपीट और दुर्घटनाओं की अलग-अलग घटनाओं में महिलाओं सहित कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में कराया गया है, जबकि संबंधित मामलों की जानकारी पुलिस को दी गई है।
चैनपुर ओपी क्षेत्र के रामगढ़ गांव में आपसी विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में एक युवती घायल हो गई। घायल युवती की पहचान स्थानीय निवासी कुश कुमार साह की पुत्री प्रीति कुमारी के रूप में की गई है। घटना के बाद परिजनों ने उसे सिसवन रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार किया गया। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
सिसवन थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर छत से गिरने की दो घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना ग्यासपुर गांव की है, जहां राम इकबाल महतो के पुत्र रुदल महतो छत से गिरकर घायल हो गए। दूसरी घटना बघौना गांव की है, जहां मेहरुद्दीन के पुत्र सुल्तान छत से गिरने से जख्मी हो गए। दोनों घायलों का इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में कराया गया।
चैनपुर ओपी क्षेत्र के वीरती गांव में आपसी विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक महिला घायल हो गई। घायल महिला की पहचान बहोरन यादव की पत्नी तारामुनी देवी के रूप में हुई है। परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए सिसवन रेफरल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस को घटना की सूचना दी गई है।
इसी तरह सिसवन थाना क्षेत्र के कचनार बिशुनपुर गांव में आपसी विवाद के दौरान हुई मारपीट में राजेश कुमार की पत्नी शीला देवी घायल हो गईं। उनका इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में कराया गया है और मामले की जानकारी पुलिस को दी गई है।
सिसवन थाना क्षेत्र के पडरी गांव में भी आपसी विवाद में हुई मारपीट की घटना में एक महिला घायल हो गई। घायल महिला स्थानीय निवासी विनोद सिंह की पत्नी निशा सिंह हैं। उन्हें इलाज के लिए सिसवन रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, सिसवन थाना क्षेत्र के माँझी–रघुनाथपुर मुख्य मार्ग पर बाइक से गिरकर एक वृद्ध व्यक्ति घायल हो गया। घायल व्यक्ति की पहचान ग्यासपुर गांव निवासी सहदेव सिंह के पुत्र शिवाजी सिंह के रूप में की गई है। बताया गया कि वह प्रखंड मुख्यालय से घर लौट रहे थे, तभी बाइक से गिर पड़े। उन्हें भी सिसवन रेफरल अस्पताल में इलाज कराया गया।

