सारण: हत्याकांड का सफल उद्भेदन, मुख्य नामजद अभियुक्त संजीव चौधरी गिरफ्तार
सारण (बिहार): सारण जिले के नगर थाना क्षेत्र में बीती रात हुई हत्या की घटना का पुलिस ने त्वरित उद्भेदन करते हुए मुख्य नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सारण द्वारा 28 जनवरी 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह कार्रवाई त्वरित अनुसंधान और विशेष टीम के गठन के बाद संभव हो सकी।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 27 जनवरी 2026 को नगर थाना को एक फर्दबयान प्राप्त हुआ, जिसमें वादी ने बताया कि छपरा कचहरी रेलवे कॉलोनी के पास उनके पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या 79/2026 दर्ज कर विधिवत अनुसंधान प्रारंभ किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान टीम (SIT) का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा तकनीकी अनुसंधान के दौरान प्राप्त सूचना के आधार पर इस कांड के मुख्य नामजद अभियुक्त संजीव चौधरी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त से घटना के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है, वहीं अन्य संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने बताया कि वर्तमान में क्षेत्र की विधि-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान संजीव चौधरी, पिता प्रफुल चौधरी, निवासी शक्तिनगर, थाना मुफस्सिल, जिला सारण के रूप में की गई है। इस पूरे अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1, नगर थाना के थानाध्यक्ष सहित थाना के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल रहे।
सारण पुलिस ने दोहराया है कि जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

