ऑस्ट्रेलिया के पूर्व मेयर व वर्तमान काउंसलर समीर पांडेय का भरहोपुर ननिहाल में भव्य स्वागत, क्षेत्र में उत्साह का माहौल
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स राज्य स्थित पररामट्टा शहर के पूर्व मेयर एवं वर्तमान काउंसलर समीर पाण्डेय का एकमा नगर पंचायत क्षेत्र के भरहोपुर गांव में अपने ननिहाल आगमन पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। पररामट्टा सिडनी महानगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला एक प्रमुख शहर है और सिटी ऑफ पररामट्टा लोकल गवर्नमेंट एरिया का मुख्य केंद्र माना जाता है। समीर पाण्डेय के गांव पहुंचते ही क्षेत्र में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला।
समीर पाण्डेय अपने ननिहाल में मामा देवता दुबे के आवास पर पहुंचे, जहां भाजपा एवं लोजपा (रा) के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों ने अंगवस्त्र एवं फूलों का गुलदस्ता भेंट कर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष चैतेंद्र नाथ सिंह, भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के जिला संयोजक मुकेश कुमार सिंह, एकमा नगर भाजपा अध्यक्ष श्रीप्रकाश, मांझी मंडल के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र कुमार मिश्रा, चितरंजन सिंह, ओम प्रकाश सिंह, शिक्षक कमल कुमार सिंह सेंगर सहित अनेक लोग मौजूद रहे। स्वागत के दौरान भारत–ऑस्ट्रेलिया के आपसी संबंधों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया ऑस्ट्रेलिया यात्रा तथा उस दौरान समीर पाण्डेय से हुई मुलाकात जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।
इसी क्रम में एकमा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं लोजपा (रा) के प्रदेश महासचिव कामेश्वर कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह अपने समर्थकों के साथ भरहोपुर पहुंचे और समीर पाण्डेय को अंगवस्त्र व पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और शुभचिंतकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी गरिमामय बना दिया।
पत्रकारों से बातचीत में समीर पाण्डेय ने कहा कि लगभग 15 वर्षों के बाद एकमा की धरती पर लौटकर इस तरह का स्नेह और सम्मान मिलना उनके लिए अत्यंत भावुक क्षण है। उन्होंने क्षेत्रवासियों के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह अपनापन उन्हें हमेशा प्रेरित करता रहेगा।
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी कामेश्वर कुमार सिंह ने कहा कि समीर पाण्डेय परसागढ़ तिवारी टोला निवासी शत्रुध्न पांडेय के पुत्र हैं, लेकिन उनका बचपन और युवावस्था का बड़ा हिस्सा भरहोपुर गांव में मित्र देवता दुबे के घर बीता है। उन्होंने कहा कि भारतीय पृष्ठभूमि से आने वाले पहले मेयर के रूप में समीर पाण्डेय ने ऑस्ट्रेलिया में न केवल अपना बल्कि पूरे भारत का नाम रोशन किया है, जो एकमा और आसपास के क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने यह भी बताया कि समीर पाण्डेय के केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से भी घनिष्ठ संबंध हैं।
कार्यक्रम में देवता दुबे, कृष्ण सेवक दुबे, जिला लोजपा (रा) युवा अध्यक्ष विशाल सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न इस स्वागत कार्यक्रम के बाद देर रात तक क्षेत्र के लोगों का समीर पाण्डेय से मिलने-जुलने का सिलसिला जारी रहा।

