अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 7 पेटी देशी शराब व बलेनो कार जप्त, तीन गिरफ्तार
नरसिंहपुर (मध्यप्रदेश) संवाददाता राजकुमार दुबे: पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन ईगल क्लॉ” के तहत नरसिंहपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है, इसी क्रम में गोटेगांव थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, भ्रमण के दौरान गोटेगांव थाना पुलिस को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि देवनगर रोड स्थित ग्राम कमती क्षेत्र में तीन व्यक्ति बड़ी मात्रा में अवैध देशी शराब रखकर तस्करी की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीम का गठन किया और प्रभावी घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में सोनू उर्फ सुनील झारिया एवं सतीश झारिया दोनों निवासी ग्राम रातामाटी, गौरतला, चौकी झोतेश्वर तथा आशीष उर्फ हेमंत झारिया निवासी ग्राम बौछार, थाना ठेमी, जिला नरसिंहपुर शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 पेटी अवैध देशी शराब जप्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 42 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही अवैध शराब की तस्करी में प्रयुक्त एक बलेनो कार क्रमांक एमपी-53-सीए-5777 भी जप्त की गई है, जिसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गोटेगांव प्रदीप सराफ, उपनिरीक्षक विजय द्विवेदी, सहायक उपनिरीक्षक जे.पी. धुर्वे, प्रधान आरक्षक सांगर सोनकर, आरक्षक राकेश कुमार, प्रशांत राजपूत, सुमित जखमोला एवं नीरज पटेल की सराहनीय भूमिका रही।

