माँझी में सावित्रीबाई फुले जयंती धूमधाम से मनाई गई, शिक्षा के अधिकार पर दिया गया संदेश
सारण (बिहार): माँझी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत नव सृजित प्राथमिक विद्यालय उर्दू मकतब नाचप में भारत की प्रथम महिला शिक्षिका माता सावित्रीबाई फुले की जयंती समारोह का आयोजन पूरे उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षक नेता हवलदार मांझी ने की। इस अवसर पर माता सावित्रीबाई फुले के तैल चित्र पर पुष्प माला अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए और उनके शिक्षा, समानता तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े विचारों को विस्तार से साझा किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि माता सावित्रीबाई फुले ने उस दौर में बालिकाओं और वंचित वर्गों के लिए शिक्षा का जो दीप प्रज्वलित किया, वह आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक बदलाव का सबसे सशक्त माध्यम बताया और शिक्षकों से उनके आदर्शों को व्यवहार में उतारने का आह्वान किया।
इस अवसर पर शिक्षक नेता पंकज प्रकाश सिंह, रविंद्र ठाकुर, जहीरूद्दीन अंसारी, तीजामुद्दीन अंसारी, श्रीनिवास यादव, अशोक शाह, शेखर कुमार सिंह, रीना कुमारी, गुड़िया कुमारी, आशा कुमारी, साजदा खातून, राजीव कुमार सिंह, सगीर तबारख अंसारी, रामायण महतो, मनीषा कुमारी, निशा कुमारी, नूतन कुमार, अरविंद कुमार, विजय शंकर महतो, धर्मेंद्र कुमार सिंह सहित सैकड़ों शिक्षक और शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। सभी ने एक स्वर में माता सावित्रीबाई फुले के आदर्शों पर चलने और समाज में शिक्षा की अलख जगाने का संकल्प लिया।

