छपरा–सिवान मार्ग पर पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश का भव्य स्वागत, बाबा साहब की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
सारण (बिहार) संवाददाता तारकेश्वर प्रसाद: छपरा–सिवान मुख्य मार्ग से होकर सिवान जाने के क्रम में बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश का मांझी प्रखंड क्षेत्र में जगह-जगह राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) एवं एनडीए समर्थकों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। समर्थकों में मंत्री के आगमन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला और वाहनों के लंबे काफिले के साथ स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पियानो पोखरा पहुंचने पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के सारण जिलाध्यक्ष अशोक कुशवाहा एवं प्रदेश महासचिव ओमप्रकाश कुशवाहा के साथ पार्टी के जलालपुर प्रखंड अध्यक्ष तारकेश्वर सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूल-मालाओं से मंत्री का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा और समर्थकों ने नारेबाजी कर अपनी खुशी जाहिर की।
इसके बाद दाउदपुर पहुंचने पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के मांझी प्रखंड अध्यक्ष राज कुमार राय के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश का गर्मजोशी से स्वागत किया। दाउदपुर में मंत्री ने संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की, जिससे कार्यक्रम को सामाजिक और वैचारिक संदेश भी मिला।
मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि बिहार सरकार पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि युवाओं के लिए रोजगार सृजन, पंचायतों की आंतरिक आय बढ़ाने और सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने को सरकार प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए विकास कार्यों में सहयोग की अपील की।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान अवध किशोर सिंह, पंकज कुमार सिन्हा, रामवृक्ष यादव, पुण्यदेव सिंह, रवींद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, ब्रजेश कुमार सिंह, लालू यादव, रिजवान मियां, पवन राम, प्रमोद मिस्त्री, राजेश प्रसाद, शैलेश पटेल, राजीव राजभर, विद्यापति सिंह, मंजय कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद थे।

