माँझी नगर पंचायत में जरूरतमंदों को ठंड से राहत, वार्ड पार्षद तरन्नुम निषात ने किया कंबल वितरण
सारण (बिहार) संवाददाता सोहेल अहमद: कड़ाके की ठंड के बीच माँझी नगर पंचायत के वार्ड संख्या 6 में शनिवार को गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस सामाजिक पहल का नेतृत्व वार्ड पार्षद तरन्नुम निषात द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित रहे और जरूरतमंदों को कंबल प्रदान किए गए।
कंबल वितरण के दौरान वार्ड पार्षद तरन्नुम निषात ने कहा कि गरीबों, मजलूमों और असहाय लोगों की सेवा ही सच्चा धर्म है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि या सामाजिक कार्यकर्ता को जाति और धर्म से ऊपर उठकर मानव सेवा करनी चाहिए। जरूरतमंदों की मदद में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए, क्योंकि समाज की मजबूती आपसी सहयोग, संवेदनशीलता और भाईचारे से ही संभव है।
उन्होंने आगे कहा कि ठंड के मौसम में गरीब परिवारों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में कंबल वितरण जैसे कार्यक्रम उनके लिए बड़ी राहत साबित होते हैं। यह प्रयास भले ही छोटा हो, लेकिन इससे जरूरतमंदों के जीवन में कुछ सुकून जरूर मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। लोगों ने इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक कार्य लगातार जारी रखने की अपील की। कंबल वितरण कार्यक्रम से क्षेत्र में सकारात्मक संदेश गया और जनप्रतिनिधियों की सामाजिक जिम्मेदारी को लेकर लोगों में विश्वास और मजबूत हुआ।

