सेवानिवृत्त शिक्षक श्री राम सिंह का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर निधन
सारण (बिहार): मांझी प्रखंड के ताजपुर गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक श्री राम सिंह का शुक्रवार की देर शाम निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और इलाज के लिए पटना के पारस हॉस्पिटल में भर्ती थे, जहां उपचार के दौरान हृदय गति रुक जाने से उनका निधन हो गया। उनकी उम्र लगभग 90 वर्ष बताई जा रही है।
श्री राम सिंह के निधन की खबर मिलते ही ताजपुर सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गांव में लोगों का तांता लग गया और हर कोई इस दुखद समाचार से मर्माहत नजर आया। वे ताजपुर पंचायत के पूर्व मुखिया पति एवं जदयू नेता विजय सिंह के बड़े भाई थे, जिसके चलते राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी गहरी संवेदना व्यक्त की है।
परिवार के अनुसार, श्री राम सिंह एक सरल, मिलनसार और लोकप्रिय व्यक्तित्व के धनी थे। शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय तक सेवा देने के बाद वे सेवानिवृत्त हुए थे और एक अच्छे वक्ता के रूप में भी उनकी पहचान रही। गांव और आसपास के इलाकों में उनका विशेष सम्मान था।
स्वर्गीय श्री राम सिंह अपने पीछे तीन पुत्रों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनका अंतिम संस्कार शनिवार की दोपहर डुमाईगढ़ घाट पर किया गया। उनके निधन से क्षेत्र ने एक अनुभवी शिक्षक और समाज के मार्गदर्शक को खो दिया है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।

