माघ मास की तेरस पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों भक्तों ने किया जलाभिषेक
सारण (बिहार): माघ मास के तेरस पर्व के अवसर पर शुक्रवार को प्रखंड क्षेत्र के शिव मंदिरों में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ जुटी रही। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शिव की आराधना करते हुए जलाभिषेक कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
इस दौरान महिलाओं ने भी तेरस व्रत और धार्मिक अनुष्ठान रखते हुए भगवान शिव की पूजा की। मेंहदार स्थित कमलदाह घाट से पवित्र जल लेकर शिवभक्तों ने महेन्द्रनाथ महादेव का जलाभिषेक किया, जिससे पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। भक्तों का मानना है कि माघ मास की तेरस पर जलाभिषेक करने से भगवान भोलेनाथ विशेष रूप से प्रसन्न होते हैं।
पर्व के अवसर पर क्षेत्र के कई स्थानों पर भजन संध्या, शिव स्तोत्र पाठ, अखंड संकीर्तन और रुद्राभिषेक का आयोजन भी किया गया। गंगपुर सिसवन, चैनपुर, मुबारकपुर, ग्यासपुर, भागर, मधवापुर महादेव मंदिर सहित अन्य प्राचीन शिव मंदिरों में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
कई मंदिर परिसरों में स्थानीय कमेटियों की ओर से तेरस मेले का भी आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। महेन्द्रनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी तारकेश्वर उपाध्याय ने बताया कि शुक्रवार को मेंहदार में करीब तीस हजार शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया।
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। भीड़ नियंत्रण और व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न मंदिरों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे पर्व शांतिपूर्ण और श्रद्धा के माहौल में संपन्न हो सका।

