माँझी के कृषि विज्ञान केंद्र में दो दिवसीय किसान मेला सह फल-सब्जी प्रदर्शनी का भव्य आयोजन
कृषि विज्ञान केंद्र माँझी में उमड़ा किसानों का सैलाब, आधुनिक तकनीक बनी आकर्षण
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी प्रखंड स्थित कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में दो दिवसीय किसान मेला सह फल, सब्जी एवं कृषि प्रदर्शनी 2026 का भव्य आयोजन किया गया। कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से आयोजित इस मेले में विभिन्न प्रकार की सब्जियों, उन्नत बीजों, पशुपालन से जुड़ी जानकारियों, जिला उद्योग केंद्र की प्रदर्शनी, आधुनिक कृषि यंत्रों तथा अनेक प्रकार के फूलों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में किसान पहुंचे।
कृषि प्रदर्शनी में आधुनिक युग की कृषि मशीनों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया, जिनकी ऑन-स्पॉट ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। इससे किसानों में आधुनिक तकनीक अपनाने को लेकर खासा उत्साह देखा गया। इस अवसर पर आयोजित उद्घाटन समारोह में माँझी विधायक रणधीर सिंह, जिला कृषि पदाधिकारी एवं कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक संजय कुमार राय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कृषि पदाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्र के किसानों से वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने की अपील की। उन्होंने खेतों में पराली जलाने पर आपत्ति जताते हुए इसके दुष्प्रभावों की जानकारी दी और किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक और टिकाऊ कृषि पद्धतियों से ही किसानों की आमदनी बढ़ाई जा सकती है।
वहीं माँझी विधायक रणधीर सिंह ने अपने संबोधन में माँझी विधानसभा क्षेत्र की सात पंचायतों में खेतों में जल जमाव से किसानों को हुई क्षति की जानकारी अधिकारियों को दी। उन्होंने कहा कि जल जमाव वाले क्षेत्रों में किसानों को किस प्रकार लाभ पहुंचाया जाए और ऐसे खेतों में कौन-कौन सी फसलें उपयुक्त होंगी, इसको लेकर किसानों को जागरूक करने की आवश्यकता है, ताकि उनकी आर्थिक क्षति को कम किया जा सके।
किसान मेले में बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने भाग लिया और कृषि से संबंधित विभिन्न सामग्री की खरीदारी की। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि उमाशंकर ओझा, विजय सिंह, वैज्ञानिक जितेंद्र चंदौला, वैज्ञानिक संजय कुमार राय सहित सैकड़ों किसान, पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। मेले को लेकर किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला।

